रायगढ़ : फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

SHARE:

रायगढ़। रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है। यह कार्रवाई जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत की गई।

100 रुपये देने के बाद दोबारा मांगे पैसे, मना करने पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को सोनूमुड़ा नवापारा निवासी बलराम यादव (50), जो पुराना शनि मंदिर के पास फल का ठेला लगाते हैं, पर उनके परिचित अफसर खान ने चाकू से हमला कर दिया था। बताया गया कि आरोपी पहले शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगकर ले गया था। कुछ देर बाद वह फिर पैसे मांगने पहुंचा। रुपये देने से इनकार करने पर उसने फल काटने वाले चाकू से बलराम यादव पर हमला कर मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी

घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 119(1) एवं 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शहर में देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, वार्ड क्रमांक-6, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई