रायगढ़। जिले की एक 23 वर्षीय युवती इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद साइबर ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। आरोपी ने पहले प्रेमजाल में फंसाकर युवती की निजी फोटो और वीडियो हासिल किए, फिर APK फाइल के जरिए मोबाइल का एक्सेस लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण युवती से 13 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। शिकायत के बाद रायगढ़ साइबर पुलिस ने आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया।
Cyber Crime Raigarh : APK फाइल से मोबाइल का एक्सेस लेकर किया ब्लैकमेल
लैलूंगा थाना क्षेत्र की युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान बिहार निवासी अविनाश उर्फ राजा से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने भरोसा जीतकर निजी फोटो और वीडियो मंगवा लिए। बाद में उसने युवती को एक APK फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड करने और एक्सेस कोड साझा करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली।
13 हजार रुपये वसूले, फिर भी करता रहा ब्लैकमेल
आरोपी ने युवती को फोटो और वीडियो सोशल मीडिया व परिजनों को भेजने की धमकी देकर अलग-अलग किश्तों में 13 हजार रुपये अपने पेटीएम खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद भी वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा, जिससे परेशान होकर युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से बिहार पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान Raigarh Cyber Police ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और बेला थाना क्षेत्र से अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यूट्यूब से सीखी थी हैकिंग की तरकीब
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब देखकर हैकिंग और मोबाइल एक्सेस करने के तरीके सीखे थे। उसी तकनीक का इस्तेमाल कर उसने युवती को ब्लैकमेल कर पैसे वसूले।
पुलिस की अपील
रायगढ़ पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, APK फाइल या संदिग्ध लिंक डाउनलोड करने और निजी फोटो-वीडियो साझा करने से बचने की अपील की है। यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगे तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।















































