बिलासपुर। अवैध लकड़ी परिवहन और वन संपदा की तस्करी पर वन विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और उत्खनन के खिलाफ लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल में वन अमले ने अवैध रूप से सागौन लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन और बाइक को जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोटा परियोजना मंडल के भैंसाझार परिक्षेत्र अंतर्गत कलमीटार बीट के कक्ष क्रमांक पी./1586 से जोगीपुर-रतनपुर सड़क मार्ग पर गश्त की गई। इस दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन में सागौन प्रजाति की लकड़ी अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ी गई।
11 नग सागौन लट्ठे जब्त
जांच के दौरान पिकअप वाहन से सागौन के 11 लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 1.138 घन मीटर बताई गई है। वन अमले ने मौके से महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG-10 CA-5582 तथा लीवो (होंडा) बाइक क्रमांक CG-28 N-3192 को जब्त कर अभिरक्षा में लिया है।
चार आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज
मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। वन विभाग ने प्रकरण क्रमांक 87/27 दिनांक 21 जुलाई 2026 को दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध कटाई पर जारी रहेगी कार्रवाई
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं।















































