दिल्ली में पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में रायपुर में भाजपा का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने संभाला मोर्चा।
कांग्रेस के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्रियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
राजीव भवन की ओर किया कूच
भाजपा नेता और कार्यकर्ता शंकर नगर में एकत्रित होने के बाद कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर कूच करने निकले। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग की थी।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की और भीड़ को रोकने का प्रयास किया। बाद में वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद सांकेतिक प्रदर्शन किया गया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, राजेश अग्रवाल, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी रजवाड़े, वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और स्थिति पर लगातार नजर रखी।















































