Time Limit Meeting Raigarh : लंबित प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

SHARE:

रायगढ़। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बुधवार को आयोजित समय-सीमा (टाइम लिमिट) बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को जवाबदेही, समन्वय और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों तथा आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश

बैठक में आयुक्त ने मुख्यमंत्री शिकायत, कलेक्टर जनदर्शन, कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों सहित सभी शिकायत एवं मांग संबंधी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन के निराकरण के बाद संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी दी जाए तथा ऑनलाइन पोर्टल पर प्रकरण का समय पर क्लोजर दर्ज किया जाए, ताकि लंबित मामलों में कमी आए।

फाइल प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली में फाइल प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि बिना किसी वैधानिक कारण के फाइलों को लंबित रखना या अनावश्यक आपत्तियां लगाकर कार्य में देरी करना गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मानसून के दौरान 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आयुक्त ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या प्रशासनिक निर्देश मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रात्रिकालीन आपात स्थिति के लिए वाहन रहेंगे उपलब्ध

बैठक में वाहन विभाग को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रात्रिकालीन अवधि में भी वाहन और चालक उपलब्ध रहें। इसके लिए ड्राइवरों की रात्रिकालीन ड्यूटी निर्धारित करने तथा आवश्यकतानुसार उनके वाहन विभाग में ही ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई