मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को दी शुभकामनाएं, कहा- विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।
‘यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित होना केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
जनसेवा को बताया सबसे बड़ा दायित्व
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि उन्हें लोगों की सेवा का जो अवसर मिला है, वह ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
चयनित अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ये अभ्यर्थी रहे उपस्थित
सौजन्य मुलाकात के दौरान सुश्री सुष्मिता सिंह, सुश्री वैभवी अग्रवाल, सुश्री दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन उपस्थित रहे।















































