15 अगस्त को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल
रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह को गरिमामय, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
15 अगस्त को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में मुख्य समारोह
कलेक्टर ने बताया कि 15 अगस्त 2026 का मुख्य जिला स्तरीय समारोह शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में आयोजित होगा। सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे कलेक्टोरेट परिसर तथा 8:30 बजे मुख्य समारोह स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल, 5 अगस्त तक भेजें प्रस्ताव
बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 अगस्त 2026 को सुबह 8:30 बजे अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी। वहीं, प्रशस्ति पत्र वितरण के लिए विभागों को 5 अगस्त 2026 तक अपने प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
विभागवार जिम्मेदारियां तय
बैठक में विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
- पुलिस विभाग: सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं वीआईपी सुरक्षा।
- नगर निगम: साफ-सफाई, शौचालय, 500 कुर्सियां एवं आमंत्रण पत्र वितरण।
- लोक निर्माण विभाग: मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, रंगाई-पुताई, वीआईपी पंडाल एवं जल निकासी।
- विद्युत विभाग: निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं साउंड सिस्टम के लिए अलग विद्युत व्यवस्था।
- पीएचई विभाग: पेयजल एवं पानी के टैंकर।
- स्वास्थ्य विभाग: मेडिकल टीम, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था।
- उद्यान विभाग: मंच एवं परिसर की पुष्प सजावट।
- खाद्य विभाग: प्रतिभागी बच्चों के लिए जलपान एवं स्वल्पाहार।
देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
जिला शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन एवं संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों का होगा सम्मान
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद परिवारों, विशिष्ट अतिथियों एवं पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं के सम्मान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग को सम्मान समारोह की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जबकि अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को आमंत्रण पत्र वितरण और अतिथियों के आवागमन की जिम्मेदारी सौंपी गई।















































