एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में परीक्षा सुरक्षा, FTA और किसानों के हितों पर दिया बड़ा संदेश
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले पर बड़ा बयान दिया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और पेपर लीक में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
13 आरोपी गिरफ्तार, छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने पर जोर
किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। साथ ही छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए NEET की दोबारा परीक्षा समय पर कराई गई और परिणाम भी बिना किसी देरी के घोषित किए गए।
पेपर लीक पर मिलकर हो कार्रवाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने देश के शीर्ष वकीलों की मदद लेकर ऐसे मामलों में उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई करने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य या केंद्र का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है। सभी राज्यों को मिलकर इस अपराध के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए ताकि युवाओं के भविष्य से कोई खिलवाड़ न हो।
FTA में किसानों के हित सर्वोपरि
बैठक में प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का भी उल्लेख किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर एफटीए में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी समझौते से किसानों को नुकसान न हो।















































