Chhattisgarh Rain Update : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

SHARE:

अत्यधिक बारिश और जलभराव की स्थिति पर सरकार सतर्क, प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अत्यधिक वर्षा और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रभावित एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाने को कहा है।

राहत सामग्री, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र बहाली और जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

स्थिति पर लगातार नजर, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त संसाधन एवं सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई