सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, परिवार ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जताया आभार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था का सकारात्मक प्रभाव लगातार देखने को मिल रहा है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 लोगों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। इसका ताजा उदाहरण पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पतगवा निवासी सेवक राम हैं, जिनकी वर्षों से लंबित समस्या महज 24 घंटे में हल हो गई।
लंबे समय से नहीं बन पा रहे थे प्रमाण पत्र
सेवक राम अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। आवेदन करने के बावजूद विभिन्न कारणों से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे थे। इसके कारण बच्चों को शैक्षणिक सुविधाओं, शासकीय योजनाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
CM Helpline 1076 में शिकायत के बाद मिली राहत
लगातार प्रयासों के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर सेवक राम ने CM Helpline 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने गंभीरता से कार्रवाई की और मात्र 24 घंटे के भीतर बच्चों का जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया। वर्षों से लंबित समस्या का इतने कम समय में समाधान होने से परिवार में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री और प्रशासन का जताया आभार
समस्या के त्वरित समाधान से खुश सेवक राम ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कई प्रयासों के बावजूद काम नहीं हो पाया था, लेकिन CM Helpline 1076 में शिकायत दर्ज करने के बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई कर राहत प्रदान की।
सुशासन का प्रभावी माध्यम बनी CM Helpline
राज्य सरकार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इससे प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है तथा लोगों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।















































