उपचार के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम, कोतरा रोड पुलिस ने शुरू की जांच
रायगढ़। जिंदल सीमेंट प्लांट में काम के दौरान हुए हादसे में एक कारपेंटर की मौत हो गई। ऊंचाई पर काम करते समय पैर फिसलने से नीचे गिरे श्रमिक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कोतरा रोड पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
40 फीट ऊंचाई से गिरा श्रमिक
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के सिंदूरपुर देवली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालाडी निवासी शंकर हाजरा (23 वर्ष) पिछले करीब एक वर्ष से रायगढ़ स्थित जिंदल पैंथर सीमेंट प्लांट में बीजीसी इंडिया कंपनी के अंतर्गत कारपेंटर का कार्य कर रहा था।
शुक्रवार सुबह प्लांट में वह करीब 40 फीट ऊंचाई पर चढ़कर प्लाई उतारने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
हादसे के बाद आसपास काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने तत्काल उसे संभाला और गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतरा रोड थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर जांच कर रही है।















































