Raigarh News : जेल कॉम्पलेक्स की 170 जर्जर दुकानों का होगा कायाकल्प, 18 करोड़ से बनेगा नया एल शेप कॉम्पलेक्स

SHARE:

पुरानी दुकानों को तोड़कर बनेगा आधुनिक मार्केट, दुकानदारों को नई दुकानें देने की तैयारी

रायगढ़। शहर के जेल कॉम्पलेक्स की वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी दुकानों का अब कायाकल्प किया जाएगा। प्रशासन ने यहां स्थित करीब 170 दुकानों को तोड़कर नए एल शेप कॉम्पलेक्स के निर्माण की योजना तैयार की है। इसके लिए करीब 18 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे शासन से मंजूरी मिल गई है।

जर्जर दुकानों से परेशान थे व्यापारी

जेल कॉम्पलेक्स की कई दुकानें लंबे समय से खराब स्थिति में थीं। विशेषकर ऊपरी हिस्से की दुकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं और गैलरी भी टूटने लगी थी। खराब निर्माण के कारण दुकानें समय से पहले जर्जर हो गई थीं, जिसके चलते किराया वसूली भी प्रभावित हो रही थी।

दुकानदारों द्वारा कई बार मरम्मत और जीर्णोद्धार की मांग की गई थी, लेकिन अब प्रशासन ने पूरे कॉम्पलेक्स को नए सिरे से बनाने का निर्णय लिया है।

एल शेप डिजाइन में बनेगा नया कॉम्पलेक्स

प्रस्ताव के अनुसार पुराने कॉम्पलेक्स को पूरी तरह डिस्मेंटल कर आधुनिक एल शेप डिजाइन में नया निर्माण किया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड ने इसके लिए 18 करोड़ रुपये का मसौदा तैयार किया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तोड़फोड़ और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

दुकानदारों को नई दुकानें देने की तैयारी

नई दुकानें बनने के बाद पुराने दुकानदारों को दुकान आवंटन को लेकर भी प्रक्रिया तय की जाएगी। सूत्रों के अनुसार पात्र पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें निर्धारित की जा सकती हैं।

वहीं कई दुकानों का टैक्स लंबे समय से बकाया है। जर्जर स्थिति के कारण कुछ दुकानदारों ने टैक्स जमा करना बंद कर दिया था। अब नई दुकानें मिलने से पहले बकाया राशि और अन्य नियमों को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई