उत्तर कन्नडा में दर्दनाक सड़क दुर्घटना
कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यल्लापुर तालुका के अराबैल घाट क्षेत्र में ट्रक और क्रूजर कार के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अराबैल घाट में हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात यल्लापुर तालुका के बालगर इलाके में हुआ। धारवाड़ से अंकोला की ओर जा रही क्रूजर कार में 9 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक (KA 22 AA 1008) से क्रूजर कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि क्रूजर वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को येल्लापुर सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
स्विगी में पार्ट टाइम डिलीवरी का करते थे काम
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग स्विगी में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। वे रात के समय घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
येल्लापुर पुलिस स्टेशन में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।















































