रायगढ़। रुपये के लेन-देन के विवाद में युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार लेकर फरार हुए आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
भूमि सौदे के विवाद से शुरू हुआ मामला
मामले के अनुसार ग्राम भेण्ड्रा निवासी गजपति राम राठिया (29 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में उसके परिवार ने अपनी पैतृक भूमि का सौदा नावापारा घरघोड़ा निवासी बेलाल अहमद से 7 लाख रुपये में किया था। सौदे के दौरान आरोपी ने 3.50 लाख रुपये अग्रिम राशि दी थी, लेकिन बाद में जमीन खरीदने से इनकार कर अग्रिम राशि वापस मांगने लगा।
कार वापस लेने के बाद भी करता रहा दबाव
शिकायतकर्ता के अनुसार आपसी पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी मारुति XL-6 कार कुछ समय के लिए मांगी थी, जिसे उसने करीब सात माह तक अपने पास रखा। बाद में जमीन बेचकर 2.50 लाख रुपये देने के बाद कार वापस की गई। इसके बावजूद आरोपी शेष राशि को लेकर लगातार 10 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था और परिवार को धमकी भी देता था।
कारगिल चौक पर विवाद के बाद ले गया वाहन
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को गजपति राम राठिया अपने साथी रामसाय साव उर्फ विक्की के साथ घरघोड़ा के कारगिल चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान बेलाल अहमद वहां पहुंचा और बकाया रकम को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जबरन कार की चाबी छीन ली और मारुति XL-6 (CG-04-QD-4132) लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
शिकायत के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी बेलाल अहमद को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर लूटी गई मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर जब्त की गई।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी बेलाल अहमद पिता कमाल अहमद (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12 प्रेमनगर, घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक दिनेश सिदार एवं बसंत तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि लेन-देन के विवादों का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। हिंसा कर संपत्ति छीनने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।















































