रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने मुआवजा तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टपरदा निवासी शंकरध्वज निषाद (40 वर्ष) सोमवार दोपहर किसी काम से पैदल बड़े भंडार रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंद्रपुर से रायगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शंकरध्वज निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जैसे ही आसपास के लोगों ने हादसा देखा, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर नारेबाजी भी की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















































