मुंबई। Vedanta Limited ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकारी खजाने में ₹62,722 करोड़ का योगदान दिया है। कंपनी की 11वीं टैक्स ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट के अनुसार, यह राशि कंपनी के कुल राजस्व का 36 प्रतिशत है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में यह योगदान 13.3 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में उसका कुल टैक्स योगदान बढ़कर ₹4,83,034 करोड़ हो गया है।
राजस्व और मुनाफे में रिकॉर्ड बढ़त, वित्तीय प्रदर्शन रहा मजबूत
कंपनी का कहना है कि मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन के चलते FY 2026 उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ वित्तीय वर्ष रहा। इस दौरान कंपनी का कुल राजस्व 15 प्रतिशत बढ़कर ₹1,74,075 करोड़ पहुंच गया, जो कंपनी के इतिहास में सबसे अधिक है। वहीं EBITDA 29 प्रतिशत बढ़कर ₹55,976 करोड़ और PAT (टैक्स के बाद लाभ) 22 प्रतिशत बढ़कर ₹25,096 करोड़ दर्ज किया गया।
साथ ही कंपनी की बैलेंस शीट भी मजबूत हुई है। नेट डेब्ट टू EBITDA अनुपात 1.22 गुना से घटकर 0.95 गुना हो गया, जो पिछले 14 तिमाहियों का सर्वश्रेष्ठ स्तर बताया गया है।
जिंक, एल्युमीनियम और ऑयल-गैस बिजनेस का बड़ा योगदान
कंपनी के विभिन्न बिजनेस पोर्टफोलियो—जिंक, लेड, सिल्वर, एल्युमीनियम, कॉपर, आयरन ओर, स्टील, पावर, निकेल, क्रोम और ऑयल-गैस—ने वित्तीय प्रदर्शन को मजबूती दी।
सबसे अधिक योगदान जिंक बिजनेस का रहा, जिसने ₹19,053 करोड़ का योगदान दिया। इसके बाद एल्युमीनियम बिजनेस से ₹15,788 करोड़ और ऑयल एंड गैस से ₹11,697 करोड़ का योगदान मिला।
टैक्स ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट के प्रमुख आंकड़े
वेदांता की रिपोर्ट के अनुसार सरकारी खजाने में योगदान कई श्रेणियों में किया गया—
- सरकारी रॉयल्टी और प्रॉफिट पेट्रोलियम: ₹14,840 करोड़
- इनकम और कैपिटल टैक्स: ₹8,290 करोड़
- अन्य टैक्स एवं ड्यूटी: ₹11,897 करोड़
- इनडायरेक्ट टैक्स (CGST/SGST/IGST): ₹21,777 करोड़
- विदहोल्डिंग टैक्स (TDS): ₹3,188 करोड़
- कॉरपोरेट डिविडेंड: ₹1,180 करोड़
पारदर्शिता और ESG पर कंपनी का फोकस
Vedanta ESG Initiatives के अनुसार टैक्स ट्रांसपेरेंसी कंपनी के Environmental, Social and Governance (ESG) एजेंडा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कंपनी लगातार 11 वर्षों से स्वैच्छिक टैक्स डिस्क्लोजर जारी कर रही है। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य हितधारकों का भरोसा बढ़ाना और कॉरपोरेट गवर्नेंस के उच्च मानक बनाए रखना है।















































