सक्ती में 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस पर विशेष ग्राम सभाएं, गांव-गांव होगा लोकतांत्रिक भागीदारी का प्रदर्शन

SHARE:

पंचायती राज दिवस पर सक्ती जिले में व्यापक ग्राम सभाओं का आयोजन
सक्ती जिले में 24 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दिन का उद्देश्य लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को मजबूत करना और ग्रामीण शासन व्यवस्था में जनता की भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना है।

ग्राम सभाओं में जनभागीदारी और सम्मान समारोह
जिला पंचायत सक्ती के अनुसार, इस अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का लगभग 20 मिनट का रिकॉर्डेड संदेश भी ग्रामवासियों को सुनाया जाएगा।

इस दौरान कला, खेल, नृत्य और अन्य क्षेत्रों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों, साथ ही स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।

ग्राम विकास और डिजिटल व्यवस्था पर जोर
ग्राम सभाओं में ग्राम संपदा एप के माध्यम से पंचायत की सभी परिसंपत्तियों को अपलोड करने का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही “हमारा कोष–हमारा अधिकार” अभियान के तहत कर निर्धारण एवं शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

इसके अलावा पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पाई 1.0 एवं 2.0) के स्कोर कार्ड का प्रदर्शन किया जाएगा तथा स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक और शासकीय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया जाएगा।

जल संरक्षण और आदर्श ग्राम की दिशा में पहल
“मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण पर विशेष चर्चा की जाएगी। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर “ग्राम सभा निर्णय” मोबाइल एप में अपलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी गतिविधियों को ग्राम सभा एवं जीडीजीपी पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण शासन व्यवस्था को मजबूत करने, पारदर्शिता बढ़ाने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई