रायगढ़ में दंतैल हाथी का हमला: डोरी बिनने गए ग्रामीण को पटककर किया घायल, अस्पताल में उपचार जारी

SHARE:

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले में गुरुवार सुबह एक दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के Chhal Range अंतर्गत डोंगाभौंना गांव की है, जहां जंगल में डोरी बिनने गए ग्रामीण पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया।

जंगल में दातून करते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, डोंगाभौंना निवासी बलदेव राठिया (45) रोज की तरह अपने साथियों के साथ राजा कूप जंगल डोरी और आम बिनने गया था। बताया जा रहा है कि डोरी बिनने के बाद वह तालाब किनारे दातून कर रहा था। इसी दौरान पीछे से एक दंतैल हाथी वहां पहुंच गया।

साथियों ने चिल्लाकर किया सतर्क, लेकिन नहीं सुन पाए बलदेव

मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने हाथी को देखकर जोर-जोर से चिल्लाकर सभी को सतर्क करने की कोशिश की। हालांकि बलदेव कम सुनता था, इसलिए वह साथियों की आवाज नहीं सुन पाया। इसी बीच हाथी ने उसे सूंड से उठाकर जोर से पटक दिया, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हाथी के हमले के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हो-हल्ला कर किसी तरह दंतैल हाथी को वहां से भगाया। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

वन विभाग और हाथी मित्र दल ने पहुंचाई मदद

घटना की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल बलदेव को पहले छाल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए Raigarh Medical College Hospital रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है।

ग्रामीणों को लगातार दी जा रही चेतावनी

वन विभाग ने घायल के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए हाथी मित्र दल प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की सलाह दे रहा है।

लगातार बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष ने एक बार फिर वन क्षेत्रों से लगे गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता की आवश्यकता को सामने ला दिया है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई