सक्ती। जिले की जनपद पंचायत सक्ती में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के सीईओ सहित तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
12 लाख के चेक के बदले मांगी 2 लाख की रिश्वत
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप, सहायक ग्रेड-3 अविनाश ठाकुर और भृत्य लच्छन भानु पर एक हितग्राही के भुगतान को जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया गया कि करीब 12 लाख रुपये का चेक जारी करने के बदले 2 लाख रुपये कमीशन की मांग की गई थी।
ACB ने योजनाबद्ध तरीके से किया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद ACB बिलासपुर की टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान ACB टीम ने जनपद पंचायत कार्यालय सक्ती में दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दस्तावेज और साक्ष्य जब्त, पूछताछ जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भुगतान प्रक्रिया और चेक जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। ACB ने मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य भी जब्त किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ACB का सख्त संदेश
ACB अधिकारियों ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।















































