रायपुर। विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इजराइल में ‘होम बेस्ड केयर गिवर’ के 3,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह लगभग 2 लाख रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही आवास, भोजन और चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
एनएसडीसी के माध्यम से होगी भर्ती प्रक्रिया
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र गरियाबंद के अनुसार यह भर्ती नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) के माध्यम से संचालित की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।
वेतन के साथ कई अतिरिक्त सुविधाएं
इजराइल में नियुक्त उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन के अलावा रहने और खाने की सुविधा, मेडिकल इंश्योरेंस, 9 दिन का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिन का वार्षिक अवकाश मिलेगा। कर्मचारियों को सप्ताह में छह दिन कार्य करना होगा।
ये अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। उम्मीदवार के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट भी होना आवश्यक है।
ऑनलाइन पंजीयन और वीडियो इंटरव्यू से होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस और इजराइली नियोक्ता द्वारा लिए जाने वाले वीडियो इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन ने युवाओं को भर्ती के नाम पर सक्रिय दलालों और बिचौलियों से सतर्क रहने तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन करने की सलाह दी है।















































