पिछड़ा वर्ग के कल्याण, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया।
पिछड़ा वर्ग के कल्याण और सामाजिक न्याय पर विस्तृत चर्चा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और साध्वी निरंजन ज्योति के बीच पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय, शैक्षणिक उन्नयन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली की दी जानकारी
साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग द्वारा संचालित गतिविधियों और योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
आयोग के सदस्य भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित आयोग के अन्य सदस्यगण भी उपस्थित थे।
क्या है राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के विकास से जुड़े विषयों पर केंद्र और राज्य सरकारों को सुझाव देता है। यह आयोग पिछड़ा वर्गों के हितों की रक्षा हेतु बनाए गए संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी भी करता है।















































