सक्ती : इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान, शादी का वादा कर युवती को बुलाया
सक्ती थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थिया ने दिनांक 25.05.2026 को थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से राकेश टंडन, पिता सुखसागर टंडन, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम थेम्हापारा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर से हुई थी।
शादी का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 11.05.2026 को आरोपी ने उसे शादी करने की बात कहकर मिशन चौक बुलाया। वहां से मोटरसाइकिल में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने रास्ते में उसका मोबाइल सिम भी तोड़ दिया।
बिलासपुर से महाराष्ट्र ले जाकर लगातार दुष्कर्म करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी पीड़िता को बिलासपुर से गोंदिया होते हुए महाराष्ट्र के कराड मलकापुर ले गया, जहां एक घर में रखकर उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने लगातार उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
महिला संबंधी गंभीर अपराध मानते हुए पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामला महिला संबंधी एवं गंभीर प्रकृति का होने के कारण पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
साइबर टीम की मदद से आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। साइबर प्रभारी की मदद से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे 29.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।















































