इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए बिलासपुर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सिम्स और जिला अस्पताल में 10-10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
बिलासपुर। इबोला वायरस को लेकर सावधानी बरती जा रही है। जिले में संभावित खतरों से निपटने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में अब संदेिहयों की आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। वहीं जिले के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।साथ ही शासन स्तर पर निर्देश मिला है कि विदेश से आने वाले यात्रियों की अनिवार्य थर्मल स्क्रीनिंग और जांच की जाए।
इबोला वायरस के भारत पहुंचने का एकमात्र जरिया अंतरराष्ट्रीय यात्रा है। इसे रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है। रायपुर और अन्य नजदीकी एयरपोर्ट अथारिटी से समन्वय कर बिलासपुर आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का डेटा प्रतिदिन जिला महामारी नियंत्रण सेल को भेजा जा रहा है। जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी हाल ही में विदेश यात्रा कर लौटे संदिग्ध लक्षणों वाले यात्रियों पर नजर रखने के निर्देश है। विशेषकर अफ्रीकी देशों से लौटे हर नागरिक को बिलासपुर पहुंचने पर अगले 21 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होम क्वारंटाइन में रहना होाग।
इबोला के संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच के लिए सिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग को नोडल केंद्र बनाया गया है। संदिग्ध लक्षण दिखने पर मरीज का सैंपल लेकर तुरंत टेस्ट किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट 4 से 6 घंटे के भीतर मिल जाएगी।
अस्पतालों में मास्क अनिवार्य और आइसोलेशन वार्ड सक्रिय
- अस्पताल परिसर, ओडीपी और वार्डों में मरीजों, परिजनों और स्टाफ के लिए थ्री-लेयर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।
- सिम्स और जिला अस्पताल में 10-10 बेड का सर्वसुविधायुक्त आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है।
सिम्स की लैब पूरी तरह तैयार
सिम्स डीन डा़ रमणेश मूर्ति ने बताया कि इबोला के संदिग्ध मरीजों के लिए 10 बेड का स्पेशल आइसोलेशन वार्ड एक्टिव कर दिया है। हमारे पास विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम मौजूद है। माइक्रोबायोलाजी विभाग की आरटीपीसीआर लैब को इस वायरस की जांच के लिए अपग्रेड किया जा रहा है। जैसे ही शासन से विशेष रिएजेंट और किट्स प्राप्त होंगे, बिलासपुर में ही जांच शुरू हो जाएगी।















































