पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। घटना के विरोध में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बंद का ऐलान किया गया, जिसे सभी प्रमुख व्यापारी संगठनों ने समर्थन दिया है। सुबह से बाजारों में सन्नाटा और सुरक्षा बलों की तैनाती दिख रही है।
पेंड्रा जिला बंद, बाजारों में सन्नाटा
व्यापारी की हत्या के विरोध में बुलाए गए बंद का व्यापक असर दिखा। अधिकांश दुकानें सुबह से ही बंद रहीं और बाजार में भीड़ पूरी तरह गायब रही। इलाके के व्यापारियों में दहशत और नाराजगी स्पष्ट दिखाई दे रही है। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों का विरोध
प्रदीप सोनी के परिजन हत्या से गुस्से में हैं और उन्होंने साफ किया कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। प्रशासन ने तीन डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण बनी हुई है।
पुलिस-प्रशासन की बढ़ी सुरक्षा
स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने के लिए जिला अस्पताल में पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात है। SP अविनाश मिश्रा खुद अस्पताल पहुंचे और परिवारजनों से बातचीत की। वहीं देर रात बिलासपुर आईजी ने भी मौके पर पहुँचकर भरोसा दिलाया कि आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है और जल्द ही कार्रवाई होगी। बढ़ते तनाव को देखते हुए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
कैसे हुई व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या
मंगलवार शाम को कोटमी बाजार में प्रदीप सोनी सोना-चांदी का व्यापार करने पहुंचे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक से तीन अज्ञात युवक दुकान के पास आए और लूटपाट का प्रयास करने लगे। जब प्रदीप सोनी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने बीच बाजार गोली चला दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है।















































