बालोद। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्य जीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जंगलों में पानी के स्रोत सूखने के कारण वन्य प्राणी पानी की तलाश में गांवों की ओर पहुंच रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर मंगलवार शाम बालोद वन परिक्षेत्र के बरही सर्किल से सामने आई, जहां एक भालू पानी की तलाश में गांव के समीप पहुंच गया।
पानी पीते हुए कैमरे में कैद हुआ भालू
जानकारी के अनुसार, बालोद वन परिक्षेत्र के बरही सर्किल अंतर्गत ग्राम नर्रा के पहले घाट के नीचे स्थित जामकोन्हा बांध में एक भालू पानी पीते हुए कैमरे में कैद हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण वन्य जीव अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगे हैं। भीषण गर्मी से वन्य जीव भी बेहाल है और जंगलों में जलस्रोत सूखने के बाद गांवों की ओर रुख कर रहे।
और घटना भी आ चुकी है सामने
इसी तरह की घटना बालोद जिले के ही ग्राम जगतरा में दिखाई दी थी , जहां एक तेंदुआ गांव के कुएं में गिरा हुआ मिला था। बताया गया था कि जंगल से भटककर पानी की तलाश में तेंदुआ गांव पहुंचा और अंधेरे या असावधानी के कारण खुले कुएं में जा गिरा था। जहां वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर मोटर पाइप के सहारे से जान बचाई थी।
गांवों की ओर बढ़ रहे वन्यजीव
इलाके में बढ़ती गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्यजीवों का आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि पानी और भोजन की तलाश में जंगली जानवर अक्सर गांवों तक पहुंच जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।















































