सक्ती : अघरिया सदन रायगढ़ में आयोजित बैठक में समाज विस्तार पर हुआ मंथन
अखिल भारतीय अघरिया समाज केंद्रीय समिति की त्रैमासिक बैठक रायगढ़ स्थित अघरिया सदन में आयोजित की गई। बैठक के दौरान समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक सशक्तिकरण एवं विभिन्न गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी के करकमलों से समाज की पत्रिका ‘अघरिया बंधु’ का विमोचन किया गया।
बोर्ड प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली संध्या नायक का सम्मान
बैठक में कुमारी संध्या नायक को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर समाज और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रा की उपलब्धि को प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया।
समाज को रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ाने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने समाज को रचनात्मक सोच और सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने सामाजिक संगठनों की भूमिका को समाज निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वहीं केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती ऊषा पटेल ने सामाजिक संस्कार, अनुशासन और सामूहिक सहयोग को समाज की मजबूती का आधार बताते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही।
प्रदेशभर के पदाधिकारियों की रही सहभागिता
बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान समाज की गतिविधियों, क्षेत्रवार कार्यों और आय-व्यय संबंधी जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक पत्रिका ‘अघरिया बंधु’ की नवविमोचित प्रति अतिथियों को भेंट की गई।















































