कोरबा जिले में 14 मई तक एलपीजी का कुल स्टॉक सिर्फ दो दिन का रह गया है। जिला प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। कहा है कि आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग हो रही है।
बीती 14 मई 2026 तक कोरबा में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल स्टॉक की स्थिति जारी हुई है। जिले में 28 एलपीजी वितरक हैं, जिनसे 3,14,891 उपभोक्ता जुड़े हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता भी शामिल हैं। वर्तमान में 5,876 सिलिंडर शेष हैं, जबकि 8,142 बुकिंग लंबित हैं, और दैनिक खपत के हिसाब से केवल दो दिन का स्टॉक उपलब्ध है।
जिले के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की स्थिति सामान्य है। डिब्बे में पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की सूचना लगाई गई है। देर रात पेट्रोल-डीजल की दरों में बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल 103 रुपये 25 पैसा और डीजल 96 रुपये 25 पैसा हो गया है। जिला प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। ड्राय रिटेल आउटलेट पर जल्द आपूर्ति बहाल करने के लिए तेल विपणन कंपनियों से बात हो रही है। आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए रोजाना निगरानी की जा रही है।















































