सहकारिता मंत्री केदार कश्यप और मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी को सौंपा ज्ञापन, लंबित मांगों के जल्द समाधान की उठाई मांग
सक्ती। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ तथा छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप और छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ मार्कफेड के प्राधिकृत अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी से मुलाकात कर सहकारी समितियों एवं धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा।
सहकारी समितियों और धान खरीदी केंद्रों के कर्मचारियों की समस्याओं से मंत्री को कराया अवगत
धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ जिला सक्ती के अध्यक्ष पुरुषोत्तम बरेठ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सहकारिता मंत्री को बताया कि प्रदेशभर में सहकारी समितियों और धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से कई महत्वपूर्ण समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए कर्मचारियों द्वारा लगातार शासन और प्रशासन के समक्ष मांग रखी जा रही है, लेकिन अब तक कई मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं हो पाया है।
सेवा शर्तों में सुधार, वेतन विसंगति दूर करने और लंबित भुगतान की उठाई मांग
इस अवसर पर संगठन के प्रतिनिधियों ने सहकारिता मंत्री और मार्कफेड के प्राधिकृत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए प्रमुख रूप से कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार, धान की सुखत ड्रायेज से संबंधित स्पष्ट प्रावधान, कर्मचारियों के लंबित वेतन और भत्तों का शीघ्र भुगतान तथा धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटरों की वेतन विसंगति का निराकरण किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा विभागीय स्तर पर लंबित अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की गई।
हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई निरस्त करने का भी रखा प्रस्ताव
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि कर्मचारियों द्वारा पूर्व में की गई हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर की गई सभी प्रशासनिक कार्यवाहियों को निरस्त किया जाए, ताकि कर्मचारियों के बीच विश्वास का माहौल बने और वे पूर्ण समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।
मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का दिया आश्वासन
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सहकारी कर्मचारियों की जायज मांगों पर शासन सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करेगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं मार्कफेड के प्राधिकृत अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने भी कर्मचारियों की समस्याओं का परीक्षण कर विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
प्रदेश कर्मचारी संगठनों ने जताई उम्मीद, जल्द होगा ठोस निर्णय
प्रदेश कर्मचारी संगठनों ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ सरकार सहकारी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही ठोस निर्णय लेगी, जिससे प्रदेशभर में कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिलेगी और सहकारी व्यवस्था भी और अधिक मजबूत हो सकेगी।
बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ से ईश्वर श्रीवास महासचिव, प्रमोद यादव जिलाध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ से प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे, संरक्षक संतोष साहू, सचिव मोहन डहरिया, जिला अध्यक्ष सक्ती पुरुषोत्तम बरेठ, घुराऊ राम सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।















































