कोतवाली क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए, घटना में प्रयुक्त चाकू और ईंट जब्त
रायगढ़, 12 मार्च। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और ईंट भी जब्त की है तथा आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मोबाइल पर बात कर रहे युवक से विवाद के बाद की गई मारपीट, धारदार हथियार से हमला कर किया गया घायल
जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 की दोपहर मोहम्मद जीशान राजा उम्र 18 वर्ष निवासी बोईरदादर कृष्णा वाटिका कॉलोनी रायगढ़ अपने साथी रोशन सिंह के साथ एच एफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AA 3925 से कोतरारोड की ओर गए थे। दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान दो लड़के वहां पहुंचे और यहां क्या कर रहे हो कहते हुए गाली गलौज करने लगे तथा मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। कुछ देर बाद एक्टिवा से अभिषेक ठाकुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर उसने ईंट उठाकर रोशन सिंह पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और मिलकर मारपीट करने लगे।
हमले में युवक को सिर, सीने और पेट में गंभीर चोटें, अस्पताल में कराया गया उपचार
हमले के दौरान रोशन सिंह को सिर के पीछे, सीने और पेट में धारदार वस्तु से गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 104/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 324(4), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऑपरेशन तलाश के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के भय से सभी आरोपी फरार थे। ऑपरेशन तलाश के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया गया। एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 109 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं।
आदतन बदमाश निकला मुख्य आरोपी, पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर पिता प्रहलाद सिंह ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी सोनिया नगर कोतरारोड थाना कोतवाली जिला रायगढ़ और सत्यम महंत पिता सुरेन्द्र महंत उम्र 21 वर्ष निवासी तेंदुडीपा दरोगामुड़ा थाना जूटमिल जिला रायगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अभिषेक ठाकुर आदतन बदमाश प्रवृत्ति का युवक है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली में लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट के कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध चार बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है और उसका नाम गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
कोतवाली पुलिस की सक्रियता से हुई गिरफ्तारी, टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और उनके हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश, संगीन अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में नहीं मिलेगी राहत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा रहा है। आदतन बदमाशों और गुंडा तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















































