बाईपास के बावजूद शहर में दौड़ रहे भारी वाहन, घरघोड़ा में नियमों की अनदेखी”

SHARE:

घरघोड़ा, रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद ट्रक, डंपर और ट्रेलर बेधड़क शहर के भीतर से गुजर रहे हैं। शहर के प्रवेश मार्ग पर प्रतिबंध संबंधी बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका पालन होता नजर नहीं आ रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह लगभग 4 बजे से ही भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। उस समय सड़कों पर ट्रकों की आवाज और कंपन साफ महसूस किया जा सकता है। नागरिकों का कहना है कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

गौरतलब है कि भारी वाहनों के लिए बाईपास मार्ग का निर्माण किया गया है, ताकि शहर की मुख्य सड़कों पर दबाव कम हो और आम जनता को सुरक्षित आवागमन मिल सके। बावजूद इसके कई वाहन चालक सीधे शहर के बीचों-बीच से गुजरना ही आसान समझ रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चे, मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग और बाजार जाने वाले लोग भारी वाहनों की वजह से जोखिम में रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए और उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाए।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस पर क्या कदम उठाता है और क्या बाईपास का उद्देश्य वास्तव में पूरा हो पाता है या नहीं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई