▪️वंदे मातरम् के जयकारों से गूंजा खरसिया, शान से निकली तिरंगा-यात्रा

खरसिया। स्वतंत्रता दिवस और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में गुरुवार को धर्मनगरी खरसिया में भव्य एवं शानदार तिरंगा-यात्रा निकाली गई, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के अलावा समाज के सभी वर्गो ने भाग लिया। यह शानदार तिरंगा-यात्रा अग्रसेन चौक से शुरू होकर सुभाष चौक, परशुराम चौक, चौकी से होते हुए पुरानीबस्ती चौक, श्रीरामजानकी मंदिर होते हुए टॉउनहाल मैदान में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति गाने व देश प्रेम के नारों से पूरा नगर गूँज उठा। गुरुवार को आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने नगर में देशभक्ति की भावना को पूरे जोश से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के “जय हिंद जय भारत”, “भारत माता की जय” व “वन्दे मातरम्” के नारों ने वातावरण में देशभक्ति की भावना को गरिमापूर्ण बढ़ावा दिया। पालिकाध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस तिरंगा यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से और भी बल मिला है, जिन्होंने हमेशा देशभक्ति और राष्ट्रीयता के महत्व पर जोर दिया है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं, जो देश और समाज के प्रति एकता और अखंडता को मजबूत करने का काम कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिजनों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों को भी घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा न केवल क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को प्रस्तुत करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे हम सब लोग एक साथ मिलकर अपने देश और समाज के लिए काम कर सकते हैं।
▪️ हुई फूलों की बरसात
भगवान परसुराम चौक में सुबह से ही देशभक्ति के गीत गुंजायमान हो रहे थे। जब तिरंगा-यात्रा यहां पहुंची तो भाजपा नेता तरुण ठाकुर और मोनू केशरी और साथियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया। वहीं फ्रूटी आइसक्रीम और शीतलजल पिला कर हौसलाअफजाई भी की।















































