जांजगीर-चांपा में बहन से बातचीत को लेकर विवाद में युवक पर डीजल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने तालाब में कूदकर जान बचाई। नवागढ़ पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Chattisgarh (CG) Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक द्वारा बहन से बातचीत करना दूसरे युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने उसे जिंदा जलाने की कोशिश कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/02/25/screenshot-2026-02-25-161817-2026-02-25-16-25-23.png)
बहन से बातचीत को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार ग्राम कनकी निवासी आकाश कुमार कर्ष को विशु सारथी का उसकी बहन से बातचीत करना पसंद नहीं था। इस बात को लेकर वह कई बार विशु को समझा चुका था और दूरी बनाए रखने की चेतावनी भी दी थी।
मेला देखने गया था युवक
15 फरवरी को विशु सारथी मेला देखने गया हुआ था। इसी दौरान आकाश ने उसे अपने घर के पास बुलाया और एक बार फिर अपनी बहन से बात न करने की बात कही। जब विशु नहीं माना तो विवाद बढ़ गया।
डीजल डालकर लगाई आग
गुस्से में आकर आरोपी आकाश कुमार कर्ष ने विशु पर डीजल डाल दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरते ही विशु बुरी तरह झुलस गया और जान बचाने के लिए पास स्थित तालाब की ओर भागा।
तालाब में कूदकर बचाई जान
गंभीर रूप से झुलसे विशु सारथी ने तुरंत तालाब में छलांग लगा दी, जिससे आग बुझ गई और उसकी जान बच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी फरार, पुलिस ने दबोचा
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। नवागढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की और आरोपी आकाश कुमार कर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस का बयान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।















































