“ऑपरेशन आघात” में बड़ी सफलता: जूटमिल में किशोरों को नशीले इंजेक्शन बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 22 इंजेक्शन बरामद

SHARE:

किशोरों को नशे की ओर धकेलने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 25 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जूटमिल क्षेत्र में किशोरों को नशीले इंजेक्शन बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के निर्देश और एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में की गई।


पहली रेड कार्रवाई: रवि गुप्ता रंगे हाथ पकड़ा गया

कायाघाट बाबाकुटी के पास हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव और टीम ने आरोपी रवि गुप्ता (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 नग Butorphanol Tartrate Injection USP 2mg “BUTRUM” और 200 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी ने किशोरों को प्रति इंजेक्शन 200 रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।


दूसरी रेड कार्रवाई: सुरेश वर्मा को भी पकड़ा गया

कायाघाट चौपाटी तिराहा के पास दूसरी कार्रवाई में सुरेश वर्मा (27 वर्ष) को उसके मकान के बाहर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 12 नग Butorphanol Tartrate Injection USP 2mg “BUTRUM” और 300 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने झारसुगुड़ा (उड़ीसा) से इंजेक्शन खरीदे और किशोरों को 150-150 रुपये प्रति इंजेक्शन बेचते थे।


नाबालिगों की सुरक्षा और मानव जीवन खतरे में डालने का मामला

दोनों आरोपियों ने यह जानते हुए भी कि उक्त इंजेक्शन मानव जीवन के लिए हानिकारक हैं, किशोर बालकों को अवैध रूप से बेचा। थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 66/2025 एवं 67/2025 धारा 77 जेजे एक्ट और धारा 123, 275, 286 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


बरामद संपत्ति: कुल 22 इंजेक्शन और 500 रुपये नगद

पुलिस ने कुल 22 नग नशीली इंजेक्शन और 500 रुपये नकद बिक्री रकम बरामद की। यह कार्रवाई किशोरों को नशे की ओर धकेलने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक सख्त संदेश है।


एसएसपी का संदेश: कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “नशीली दवाओं के माध्यम से किशोरों को नशे की ओर धकेलने वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”


पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, नरसिंह नाथ यादव, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, आरक्षक शिवकुमार वर्मा, आरक्षक नरेश रजक और महिला आरक्षक देवकुमारी भारते ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment